डॉ. शेरान अली और नन्हू की जोड़ी ने जीता राहत इंदौरी बैडमिंटन टूर्नामेंट
- DSS Admin
- May 17, 2026
रांची, 17 मई (हि.स.)। मॉर्निंग ग्रुप के तत्वावधान में रविवार को जीईएल चर्च कॉम्प्लेक्स में आयोजित पांचवें राहत इंदौरी बैडमिंटन टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा।
फाइनल में टूर्नामेंट के प्रबल दावेदार डॉ. शेरान अली और उनके जोड़ीदार अब्दुल खालिक नन्हू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में उनका सामना अनुभवी खिलाड़ी मकबूल अंसारी और युवा खिलाड़ी नसीम अख्तर की जोड़ी से हुआ।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक जय प्रकाश गुप्ता ने कहा कि खेल में हार जीत होती रहती है। इसे खेल भावना के हिसाब से देखना चाहिए। जो खेल के मैदान तक सीमित रहना चाहिए। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी।
मंच संचालन करते हुए अध्यक्ष अकील उर रहमान ने बताया कि मैच के पहले सेट में डॉ. शेरान और नन्हू की जोड़ी पिछड़ गई थी, लेकिन दूसरे और तीसरे सेट में दोनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन तकनीक, तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए शानदार वापसी की और लगातार दो सेट जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
इस रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए सुबह छह बजे से ही दर्शकों का जीईएल चर्च कॉम्प्लेक्स पहुंचना शुरू हो गया था। चैंपियन जोड़ी को टूर्नामेंट कमिटी के संयोजक अताउल रहमान ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर मुख्य रूप से पूर्व विधायक जय प्रकाश गुप्ता, समाजसेवी नफीसुल आब्दीन, मॉर्निंग ग्रुप के संरक्षक मो. हलीमउद्दीन सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और गणमान्य मौजूद थे।---------------

