रांची, 19 जून (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने राजद के कुछ नेताओं की ओर से कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के राजू के खिलाफ दिए गए अमर्यादित बयानों पर कड़ी आपत्ति जताई है।
उन्होंने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि
यदि किसी दल को अपने विधायकों और नेताओं पर भरोसा नहीं है तो उसकी खीझ कांग्रेस पर निकालना उचित नहीं है। राजद नेताओं की ओर से कांग्रेस के भीतर गुटबाजी और संगठनात्मक स्थिति पर टिप्पणी करना उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है।
कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है और अपने आंतरिक मामलों को संभालने में पूरी तरह सक्षम है।
उन्होंने कहा कि के राजू के संबंध में की गई व्यक्तिगत टिप्पणियां न केवल दुर्भाग्यपूर्ण हैं, बल्कि महागठबंधन की भावना के भी विरुद्ध हैं। जिन नेताओं ने उन्हें बिकाऊ कहने जैसी भाषा का प्रयोग किया है, उन्हें पहले अपने शब्दों की मर्यादा और राजनीतिक संस्कृति पर विचार करना चाहिए। बिना किसी प्रमाण के किसी वरिष्ठ नेता की छवि धूमिल करने का प्रयास राजनीतिक दिवालियापन का परिचायक है।
सिन्हा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के परिणामों और मतदान के दौरान हुई घटनाओं को लेकर कई प्रश्न स्वयं राजद के भीतर उठ रहे हैं। ऐसे में अपनी जवाबदेही से बचने के लिए कांग्रेस को निशाना बनाना सच्चाई को छिपाने का प्रयास मात्र है।
---------------

