रांची, 19 मई (हि.स.)। सामाजिक सरोकार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राउंड टेबल, लेडीज सर्कल और अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन सृजन शाखा, रांची के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को कांके के हात्मा बस्ती स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग टॉयलेट ब्लॉक का निर्माण कराया गया। इस सुविधा का उद्घाटन एक सादे समारोह में किया गया।
टॉयलेट ब्लॉक का उद्घाटन राउंड टेबल के अध्यक्ष आकाश खोसला, अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरा बथवाल और बाल विकास प्रकल्प प्रमुख रूपा अग्रवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राउंड टेबल के अध्यक्ष आकाश खोसला ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का विकास बेहद जरूरी है। स्वच्छ और सुरक्षित शौचालय की व्यवस्था होने से बच्चों, विशेषकर छात्राओं को काफी सुविधा मिलेगी। कई बार उचित शौचालय व्यवस्था नहीं होने के कारण छात्राओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में अलग-अलग टॉयलेट ब्लॉक बनने से विद्यार्थियों में स्वच्छता, स्वास्थ्य और साफ-सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। साथ ही बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण भी मिलेगा। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं से आगे भी ऐसे कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन की ओर से इस पहल के लिए सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। शिक्षकों ने कहा कि विद्यालय में लंबे समय से अलग शौचालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी और अब यह सुविधा मिलने से बच्चों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस सामाजिक पहल में लेडीज सर्कल की ओर से शिखा खोसला और हर्षा जैन ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन सृजन शाखा की ओर से नेहा सरावगी, निधि सराफ, शालू सिंघानिया, आकृति सिंघानिया और अमिता केडिया ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों के बीच स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी भी साझा की गई तथा विद्यालय परिसर को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में राउंड टेबल के सदस्य आदित्य कटारुका, आयुष मोदी, अविनाश जैन, मनीष जैन और पीयूष सरावगी सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।----------

