व्यवसायिक प्रशिक्षकों का बकाया वेतन का भुगतान करे सरकार : देवेंद्रनाथ
- DSS Admin
- May 11, 2026
रांची, 11 मई (हि.स.)। झारखंड राज्य विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत व्यवसायिक प्रशिक्षकों ने 13 महीने से बकाया मानदेय की मांगों को लेकर सोमवार को झारखण्ड शिक्षा परियोजना परिषद (जेईपीसी) कार्यालय का घेराव किया।
इस अवसर पर झारखंड लोकक्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेंंद्र नाथ महतो ने प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया। बडी संख्या में जुटे लोगों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। साथ ही जेईपीसी निदेशक शशि रंजन को मांग पत्र सौंपते हुए, मांगे पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।
इस अवसर पर देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड के विभिन्न ज़िलों में कार्यरत सभी व्यवसायिक प्रशिक्षक झारखंड राज्य वित्तपोषित हैं।
इसलिए प्रशिक्षकों के 13 माह के बकाया वेतन तत्काल भुगतान किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी प्रशिक्षक निरंतर अपने तयित्वों का निर्वहन करते हुए गरीब वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक शिक्षा दे रहे हैं। लेकिन लंबे समय से वेतन नहीं मिलने से उनके परिवारों को गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मौके पर झारखंड राज्य वित्तपोषित व्यवसायिक प्रशिक्षक संघ के अध्यक्ष देव प्रकाश, उपाध्यक्ष प्राण सौरभ, सचिव मनोज कुमार महतो, कोषाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने कहा कि कई बार विभाग को समस्या की जानकारी देने के बावजूद उदासीन रवैया अपनाया हुआ है। इसलिए इस बार वेतन भुगतान जब तक नहीं होगा आंदोलन जारी रहेगा, कल रांची में शक्ति प्रदर्शन किया जाएगा।
मौके पर बडी संख्या में व्यवसायिक प्रशिक्षक मौजूद थे।
---------------

