कोरबा में केबल ऑपरेटर के घर की पानी टंकी में निकला 7 फीट लंबा अजगर, रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित जंगल में छोड़ा

कोरबा, 03 जुलाई (हि. स.)। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच सांप निकलने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ग्रामीण ही नहीं, शहरी इलाकों में भी विभिन्न प्रजातियों के सांप घरों, कार्यालयों और अन्य स्थानों में पहुंच रहे हैं। ताजा मामला कोरबा के पम्प हाउस क्षेत्र का है, जहां केबल ऑपरेटर सनत रॉयल के घर की पानी की टंकी में करीब 7 फीट लंबा अजगर मिलने से परिवार में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, घर की पानी की टंकी में केबल के नीचे एक विशालकाय अजगर बैठा हुआ दिखाई दिया। अजगर को देखते ही परिजनों ने किसी तरह की जल्दबाजी न करते हुए तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम (नोवा नेचर) के रेस्क्यू प्रमुख जितेंद्र सारथी को सूचना दी।

सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी ने अपनी टीम के सदस्य राजू बर्मन, बॉबी श्रीवास और साहिल को मौके पर रवाना किया। रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल पहुंचकर पूरी सावधानी और विशेषज्ञता के साथ अजगर का सफल रेस्क्यू किया। काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़कर थैले में रखा गया, जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

रेस्क्यू के बाद टीम ने वन्यजीव संरक्षण के नियमों का पालन करते हुए अजगर को उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया। समय रहते रेस्क्यू होने से किसी प्रकार की जनहानि या अप्रिय घटना नहीं हुई।

इस दौरान रेस्क्यू प्रमुख जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील की कि यदि घर या आसपास सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे मारने का प्रयास करें। सांप से सुरक्षित दूरी बनाकर उस पर नजर रखें तथा तुरंत वन विभाग या रेस्क्यू टीम के हेल्पलाइन नंबर 8817534455 पर सूचना दें। उन्होंने यह भी कहा कि सर्पदंश की स्थिति में बिना देरी किए मरीज को अस्पताल पहुंचाएं और साथ ही रेस्क्यू टीम को भी जानकारी दें।

बारिश के मौसम में सांपों के बिलों में पानी भर जाने के कारण वे सुरक्षित स्थान की तलाश में रिहायशी इलाकों की ओर निकल आते हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव को नुकसान पहुंचाने के बजाय विशेषज्ञों की मदद लेने की सलाह दी गई है।

   

सम्बंधित खबर