सांसद निशिकांत दुबे ने क्षेत्र की जनता को दी सात एम्बुलेंस की सौगात
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
देवघर, 22 जून (हि.स.)। गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के सांसद निशिकांत दुबे ने क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लोकसभा क्षेत्र के लिए सात नई एम्बुलेंस उपलब्ध कराई है। इन एम्बुलेंसों को सोमवार को देवघर स्थित उनके निजी आवास शिवलोक धाम से रवाना किया गया।
सभी एम्बुलेंसों को लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए चिन्हित किया गया है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। एम्बुलेंस के उद्घाटन अवसर पर सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल 12 वर्षों के कार्यकाल के दौरान गोड्डा लोकसभा क्षेत्र को विकास कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 से 2025 के बीच उन्होंने सरकार और सामाजिक संगठनों के माध्यम से लगभग 15 एम्बुलेंस उपलब्ध कराई हैं। सांसद ने कहा कि अक्सर एम्बुलेंस की मांग तो उत्साह के साथ की जाती है, लेकिन उसके संचालन और रखरखाव में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जाती।
उन्होंने पोड़ैयाहाट का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां पूर्व में दी गई एम्बुलेंस का उपयोग सीमित होकर रह गया था। इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए इस बार सातों एम्बुलेंसों के संचालन और निगरानी की स्पष्ट व्यवस्था की है। उन्होंने बताया कि एम्बुलेंसों की देखरेख की जिम्मेदारी गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों को सौंपी गई है। वहीं सभी एम्बुलेंसों के रखरखाव और तकनीकी मेंटेनेंस का दायित्व संबंधित एम्बुलेंस कंपनी वहन करेगी।
कार्यक्रम में भाजपा के देवघर जिला अध्यक्ष सचिन रवानी, संजय यादव, दिवाकर गुप्ता, अनुकांत दुबे, बबलू पासवान, तूफान महथा, अभयानंद झा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।
---------------

