तामुलपुर (असम), 19 मई(हि.स.)। तामुलपुर खंड विकास अधिकारी कार्यालय में मंगलवार को जिला विकास समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीटीसी की सचिव अनसुला बसुमतारी ने की।बैठक में जिले के विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा संचालित विकासात्मक कार्यों, चल रही योजनाओं, रिक्त पदों की स्थिति, विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति तथा संबंधित समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई। विशेष रूप से जनकल्याणकारी योजनाओं को समयबद्ध एवं सुचारु रूप से क्रियान्वित करने पर जोर दिया गया।बैठक के दौरान बीटीसी सचिव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से योजनाओं के कार्यान्वयन में अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि आम जनता को सरकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ प्राप्त हो सके। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाए रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, सामने आ रही चुनौतियों तथा भविष्य की कार्ययोजना पर अपने विचार प्रस्तुत किए।बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण, वन, स्वास्थ्य, जल संसाधन, आपूर्ति, हथकरघा, सिंचाई, कृषि, समाज कल्याण, शिक्षा, भूमि संरक्षण, मत्स्य, असम ग्रामीण आजीविका मिशन तथा परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

