बरसात से पूर्व मेयर ने राजधानी की नाली और सडकों की सफाई का दिया निर्देश

रांची, 18 मई (हि.स.)। नगर निगम की मेयर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य शाखा के अधिकारियों के साथ सोमवार को निगम कार्यालय में बैठक हुई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी वर्षा ऋतु से पूर्व नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में बड़ी और छोटी नालियों की साफ सफाई, सभी वार्डों में सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाकर उचित उपलब्धता और खुले नालियों को स्लैब से ढकने की व्यवस्था करना था।

साथ ही कचरा गाड़ियों की समुचित व्यवस्था, जहां भी नालियों का अतिक्रमण हो उसे मुक्त कराने की व्यवस्था, छोटे पतले गलियों में जहां बड़े कचरा गाड़ी की पहुंच न हो, वहां छोटे गाड़ी या रिक्शा गाड़ी की व्यवस्था करने, बड़े नालों की सप्ताहित सफाई, नियमित फॉगिंग, नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव पर चर्चा हुई।

बैठक में स्वच्छता और स्वास्थ्य से संबंधित कई अहम फैसले लिए गए।

इस अवसर पर मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि नगर निगम राजधानी रांची की सफाई के कार्य पूरी तरह से तैयारी में जुट गया है, ताकि आने वाले बारिश के मौसम में आम जनमानस को जल-जमाव, गंदगी, मच्छरों के प्रकोप, कचरा उठाव की समस्या का सामना न करना पड़े।

मौके पर मेयर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार, सभी पार्षद, अपर नगर आयुक्त संजय कुमार सहित अन्यस अधिकारी मौजूद थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर