भाजपा की कार्यशाला में बूथ जीता, चुनाव जीता का दोहराया गया संकल्प
- DSS Admin
- Jun 16, 2026
रामगढ़, 16 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी देश में चल रही एसआईआर को लेकर अभी से ही सजग है। पार्टी की ओर से बनाए गए बूथ लेबल एजेंट को अभी से ही सक्रिय किया गया है। मंगलवार को रामगढ़ शहर के पटेल छात्रावास में बूथ लेबल एजेंट के साथ एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल बोकारो के पूर्व विधायक की विरंची नारायण ने कई तकनीकी जानकारी बीएलए को दी। उन्होंने कहा कि बूथ जीता तो चुनाव जीत का नारा को कंठस्थ कर लें। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यशाला की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने की।
विरंची नारायण ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ जीता, चुनाव जीता भाजपा संगठन का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और त्रुटिरहित होना लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। प्रत्येक बीएलए को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। कोई अपात्र नाम सूची में शामिल न हो।
कार्यशाला में मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया, फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के उपयोग, नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया सहित आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही बूथ स्तर पर संगठनात्मक मजबूती और प्रभावी मतदाता संपर्क के विभिन्न पहलुओं पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य प्रत्येक बूथ को संगठन की सबसे मजबूत इकाई बनाना है। उन्होंने सभी बीएलए कार्यकर्ताओं से आगामी 30 दिनों के भीतर अपने-अपने बूथों की मतदाता सूची का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यशाला का संचालन प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ संजय प्रसाद सिंह ने किया।
इस अवसर पर जिला प्रभारी सुरेंद्र महतो, कुंटु बाबु, प्रदेश और जिला के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में बूथ लेवल एजेंट एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------

