पानी भरे गड्ढे में डूबने से एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
लातेहार, 19 जून (हि.स.)। जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के आरा गांव में शुक्रवार देर शाम एक हादसे में एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई।
मृत बच्चों की पहचान सीसीएल कर्मी द्वारिका गंझु की पुत्री माही कुमारी (9), दीपिका कुमारी (6) और पुत्र आर्यन कुमार (3) के रूप में हुई है। द्वारिका गंझु तेतरियाखांड कोलियरी में कार्यरत हैं।
स्थानीय लाेगाें के अनुसार, तीनों बच्चे शुक्रवार शाम गांव के समीप स्थित पानी से भरे एक पुराने गड्ढे में नहाने गए थे। बताया जाता है कि वर्षों पहले पत्थर निकालने के लिए इस गड्ढे की खुदाई की गई थी, जिसमें हमेशा पानी भरा रहता है। नहाने के दौरान तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बच्चों को लेकर बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. दयानंद कुमार ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर बालूमाथ थाना प्रभारी अमित कुमार, सब इंस्पेक्टर गौतम कुमार और देवेंद्र सिंह अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया । पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
---------------

