एलजी ने दिया जम्मू-कश्मीर पहुंचे प्रशिक्षुओं को ईमानदारी और संवेदनशीलता से कार्य करने का संदेश
- Sanjay Kulshrestha
- Jul 12, 2026
जम्मू। स्टेट समाचार : भारतीय सूचना सेवा (आईआईएस) के वर्ष 2023 बैच के ग्रुप बी के 16 प्रशिक्षु अधिकारियों के एक दल ने शनिवार को लोक भवन में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की। इस दौरान प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) श्रीनगर के निदेशक काजी सलमान भी उनके साथ मौजूद रहे। उपराज्यपाल ने प्रशिक्षु अधिकारियों को उनके भावी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे विभिन्न विभागों में कार्य करते समय संवेदनशीलता, ईमानदारी और समर्पण की भावना के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने डिजिटल युग में जनसंचार के बदलते स्वरूप पर भी चर्चा की और विश्वसनीय तथा समयबद्ध सूचना प्रसार के महत्व पर जोर दिया। प्रशिक्षु अधिकारियों ने भारत दर्शन कार्यक्रम के अंतर्गत जम्मू-कश्मीर की अपनी यात्रा के अनुभव भी उपराज्यपाल के साथ साझा किए। उन्होंने क्षेत्र की विविध सांस्कृतिक विरासत, विकास गतिविधियों और प्रशासनिक अनुभवों से जुड़ी जानकारी भी साझा की।

