झाबुआ: हनुमान अष्ट मंदिर से चांदी की मूर्ति सहित आभूषण ले भागे बदमाश
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
झाबुआ, 03 जुलाई (हि.स.) मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिले के थांदला में गुरुवार रात श्री हनुमान अष्ट मंदिर में हुई चोरी की वारदात में अज्ञात बदमाश मंदिर में रखी हनुमानजी की रजत प्रतिमा सहित अन्य आभूषण ले भागे। शुक्रवार सुबह घटना के संबंध में पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात बदमाश मंदिर के पीछे स्थित बावड़ी की तरफ से मंदिर में घुसे और हनुमानजी की करीब आधा किलो वजनी रजत प्रतिमा सहित श्रीकृष्ण प्रतिमा के हाथ में धारण की जाने वाली रजत वंशी सहित चांदी की दो चेन ले जाने में सफल हो गए।
घटना के संबंध में थाना प्रभारी थांदला अशोक कनेश ने शुक्रवार को बताया कि बीती रात हनुमानजी मंदिर में हुई घटना के संबंध में प्रकरण दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज भी देखें गए, किंतु उसमें बदमाश का चेहरा स्पष्ट नहीं दिखाई देता है, किंतु पुलिस द्वारा जल्द ही बदमाश को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के परिप्रेक्ष्य में अध्यक्ष हनुमान अष्ट मंदिर न्यास थांदला, अशोक अरोड़ा ने कहा कि बदमाश मंदिर के पीछे से घुसे थे, और चांदी की प्रतिमा सहित आभूषण चुराने में सफल हो गए। अरोड़ा के अनुसार चोरी हुई हनुमानजी की रजत प्रतिमा सहित अन्य आभूषण करीब सात सौ ग्राम वजन के थे।
दो दिन पहले थांदला नगर के मध्य में स्थित श्री राम मंदिर में भी चोरी का प्रयास किया गया था, किंतु बदमाश गर्भ गृह तक नहीं पहुंच पाए थे, अलबत्ता पुलिस द्वारा दो दिन पहले हुई उक्त घटना के आरोपित को घटना के दूसरे दिन सुबह ही पकड़ लिया गया था।
---------------

