दुमका, 17 मई (हि.स.)। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी हुई दो ट्रैक्टर बरामद करते हुए दुमका पुलिस ने अंतरराज्जीय गिरोह के दो सदस्य को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों में पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिला के शांतिनिकेतन थाना क्षेत्र के दरपाशीला गांव निवासी बंशी दास और मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र के सावराकुड़ी गांव निवासी शेख अजीजुल एवं शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के कुलकुलीडंगाल गांव निवासी संजीव मड़ैया शामिल है।
जानकारी के अनुसार गत 8 अप्रैल की रात्रि मुफ्फसिल थाना के केशियाबहाल गांव निवासी तापस मांझी के घर के बाहर खड़ी ट्रैक्टर को अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया था। मामले में (कांड संख्या 63/26) दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी।
कुछ दिनों बाद 13 मई की रात को शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के कोलपाड़ा बांकीजोर गांव निवासी मनोज कुमार मंडल के घर के बाहर से भी उसी तरह उनकी रखी ट्रैक्टर को अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली। इन चोरी की घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देशानुसार एसडीपीओ, सदर के नेतृत्व में एक टीम गठित चोरी की घटनाओं के उदभेदन एवं बरामदगी को लेकर छानबीन शुरू हुई। गठित टीम ने पहले शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के कुलकुलीडंगाल से संदेह के आधार पर संजीव मड़ैया को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की।
पूछताछ में चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए दो सहयोगी पश्चिम बंगाल निवासी शेख अजीजुल एवं बंशी दास नाम बताया। इसके बाद उनके दोनों सहयोगियों को भी पुलिस गिरफ्तार करने में सफल हुई। गिरफ्तार आरोपियों के निशानदेही पर पुलिस दोनों चोरी हुई ट्रेक्टर में से एक मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र के सावराकुड़ी से एवं एक ट्रेक्टर शांतिनिकेतन, बोलपुर से बरामद करने में सफल हुई। बरामद ट्रेक्टर महिंद्रा कम्पनी का ट्रेक्टर संख्या-डब्लबी 37 सी- 1540 एवं ट्रेक्टर संख्या-जेएच 04जे-9714 है।
---------------

