विहिप ने गौवंश हत्या अधिनियम का पालन कराने के लिए राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
- DSS Admin
- May 26, 2026
रांची, 26 मई ( हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद का एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को झारखंड गौवंश हत्या निषेध अधिनियम, 2005 के कानून का कड़ाई से अनुपालन कराने की मांग की है।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा आगामी दिनों में बकरीद (ईद-उल-अजहा) का त्योहार के नाम पर कुछ असामाजिक तत्वों और तस्करों की ओर से कानून का उलंघन करते हुए राज्य के सभी जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से प्रतिबंधित गौवंशयी पशुओं (गाय, बैल, बछड़ा, ऊंट) की तस्करी और उनकी हत्या किए जाने की प्रबल संभावना है।
प्रतिबंधित गौवंश पशुओं को वध करना झारखंड गौवंश हत्या निषेध अधिनियम, 2005 की धाराओं का घोर उल्लंघन है। इस अधिनियम के तहत झारखंड राज्य में गौवंशीय पशु का वध, मांस की बिक्री या इसके परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध है और ऐसा करना एक गंभीर गैर-जमानती अपराध है।
यदि त्योहार के दौरान ऐसी अवैध गतिविधियां होती हैं, तो इससे न केवल कानून का उल्लंघन होगा, बल्कि क्षेत्र की सांप्रदायिक सौहार्द, शांति और कानून- व्यवस्था भी पूरी तरह से बिगड़ सकती है।
प्रतिनिधिमंडल ने पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और प्रतिबंधित गौवंशीय पशुओं की रक्षा के लिए झारखण्ड के सभी जिलों के संवेदनशील क्षेत्रों, मुख्य चौराहों, हाट- बाजारों और अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर पुलिस की विशेष गश्ती बढ़ाने, वाहनों की सघन चेकिंग कर प्रतिबंधित गौवंशीय पशुओं के अवैध परिवहन को रोकने, अवैध रूप से संचालित होने वाले बूचड़खानों को चिन्हित कर बंद कराने एवं अधिनियम का उल्लंघन कर प्रतिबंधित गौवंशिये पशुओं का वध करने वाले या इसमें संलिप्त पाए जाने वाले तस्कर के खिलाफ त्वरित प्राथमिकी (एफआइआर) दर्ज कर उन्हें कानूनन सख्त से सख्त सजा दिलाने के निर्देश देने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल में विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्र मंत्री डॉ बिरेन्द्र साहु (झारखण्ड-बिहार), प्रांत उपाध्यक्ष सुनील गुप्ता, प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र, प्रांत बजरंग दल संयोजक रंगनाथ महतो, महानगर अध्यक्ष कैलाश केसरी शामिल थे।
---------------

