जम्मू-कश्मीर सरकार ने छात्रावासों के निरीक्षण के लिए जिला स्तरीय निरीक्षण समितियों का किया गठन
- DSS Admin
- Jun 10, 2026
जम्मू, 10 जून (हि.स.)। जम्मू- कश्मीर सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश में चल रहे छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने के लिए सभी जिलों में जिला स्तरीय निरीक्षण समितियों का गठन किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार इन समितियों की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त करेंगे और इनमें कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस, सहायक आयुक्त विकास, जिला समाज कल्याण अधिकारी और सहायक निदेशक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले सदस्य होंगे।
समितियों को छात्रावासों का मासिक निरीक्षण करने, भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा, स्वच्छता मानकों, रहने की स्थिति, बुनियादी ढांचे, पेयजल और अपशिष्ट निपटान सुविधाओं का आकलन करने के साथ-साथ अभिलेखों के रखरखाव और निधियों के उपयोग की जांच करने का कार्य सौंपा गया है। वे छात्रावास में रहने वालों के प्रबंधन, सुरक्षा और कल्याण में सुधार के लिए उपाय भी सुझाएंगे। समितियों को संबंधित विभागों द्वारा आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित उपायुक्तों को मासिक निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
---------------

