डीए की लंबित किश्तें और बकाया भुगतान की मांग:पठानकोट में पेंशनर्स ने DC को सौंपा ज्ञापन, संघर्ष तेज करने की चेतावनी

पंजाब राज पेंशनर्स सांझा फ्रंट के आह्वान पर स्टेट पेंशनर्स ज्वाइंट फ्रंट जिला पठानकोट के एक प्रतिनिधिमंडल ने सुजानपुर/पठानकोट में जिला डिप्टी कमिश्नर डॉ. पल्लवी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के नाम एक मांग पत्र सौंपा, जिसमें अपनी लंबित मांगों को पूरा करने की अपील की गई। पेंशनरों ने मांग पत्र के माध्यम से सरकार से महंगाई भत्ते (डी.ए.) की लंबित किश्तों का तत्काल भुगतान, 2.59 गुणांक के आधार पर पेंशन का निर्धारण और मेडिकल भत्ते में बढ़ोतरी सहित अन्य लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. लेखराज, राम दास, सत प्रकाश, राजेंद्र धीमान, इकबाल सिंह तथा चमन लाल गुप्ता सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल थे। पेंशनर्स बोले- सरकार बकाया डीए किश्तों का भुगतान नहीं कर रही पेंशनर्स नेताओं ने आरोप लगाया कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा सिविल रिट याचिकाओं पर स्पष्ट आदेश दिए जाने के बावजूद सरकार पेंशनरों के बकाए और डी.ए. की किश्तों का भुगतान नहीं कर रही है। उन्होंने सरकार पर टालमटोल की नीति अपनाने और अपने वादों से पीछे हटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कर्मचारी और पेंशनर लंबे समय से अपने वैध अधिकारों और बकाया भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। नेताओं ने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि सरकार जहां विभिन्न मुफ्त योजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं जीवनभर सरकारी सेवा देने वाले कर्मचारियों और पेंशनरों को उनके हक से वंचित रखा जा रहा है। पेंशनर्स नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार का रवैया इसी प्रकार बना रहा तो पंजाब के पेंशनर संघर्ष का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने सरकार से उच्च न्यायालय के आदेशों का सम्मान करते हुए डी.ए. की लंबित किश्तों और बकाया राशि का तत्काल भुगतान करने की मांग की। इस अवसर पर युद्धवीर सिंह, बलवंत राज, रमेश चंद्र, तरसेम लाल, करतार चंद, रत्न चंद सहित बड़ी संख्या में अन्य पेंशनर्स भी उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर