जनगणना 2027 की तैयारियों में तेजी, सुपौल में 98.5 प्रतिशत एचएलबी कार्य पूर्ण
- DSS Admin
- May 23, 2026

सुपौल, 23 मई (हि.स.)। सुपौल में जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने काम में तेजी ला दी है। शुक्रवार को जिलाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी सावन कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी चार्ज जनगणना अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में उन्होंने लंबित एचएलबी कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रगणकों द्वारा किए गए डाटा एंट्री और लिंकिंग कार्यों का पर्यवेक्षकों के माध्यम से सही तरीके से सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जनगणना प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में कुल 4198 एचएलबी में से 4135 एचएलबी का मार्किंग और डाटा एंट्री कार्य पूरा कर लिया गया है, जो कुल कार्य का लगभग 98.5 प्रतिशत है। प्रशासन ने शेष कार्यों को भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य तय किया है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में पूरी गंभीरता और पारदर्शिता बरती जाए, ताकि भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों के लिए सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकें।

