नगर परिषद के तत्वावधान में युवा नशा मुक्ति उन्मुखी कार्यक्रम का आयोजन
- DSS Admin
- May 28, 2026


सुपौल, 28 मई (हि.स.)। सुपौल नगर परिषद द्वारा गुरुवार को नगर भवन में मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा की अध्यक्षता में “युवा नशा मुक्ति उन्मुखी कार्यक्रम” का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करना था।
इस अवसर पर सुपौल के तीन गौरवशाली व्यक्तित्वों को नगर परिषद द्वारा सम्मानित किया गया, जो संयोगवश इन दिनों सुपौल में मौजूद थे। इनमें साहित्य अकादमी से सम्मानित “धात्री के पात” के लेखक साहित्यकार डॉ. महेंद्र झा, लंदन में विश्वस्तरीय चिकित्सक के रूप में पहचान बना चुके डॉ. विभाष चंद्र मिश्र तथा सीआईएसएफ हैदराबाद के डीआईजी शिव कुमार मोहनका शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान सीआईएसएफ के डीआईजी शिव कुमार मोहनका की पुस्तक “Above and Beyond” का भी विमोचन किया गया। इसे उनकी विशेष उपलब्धि बताते हुए उपस्थित लोगों ने सराहा।
कार्यक्रम में शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस दौरान सीआईएसएफ के डीआईजी शिव कुमार मोहनका ने युवाओं को सिविल एविएशन क्षेत्र की जानकारी देते हुए उसमें उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं से अवगत कराया।
डॉ. विभाष चंद्र मिश्र ने युवाओं में तेजी से बढ़ रहे सूखे नशे के प्रचलन पर चिंता व्यक्त करते हुए समाज से आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति एक भी बच्चे को नशे की दलदल से बाहर निकालने में सफल होता है, तो उसका जीवन सार्थक माना जाएगा।
साहित्य अकादमी से सम्मानित डॉ. महेंद्र झा ने कहा कि उनकी पुस्तक “धात्री के पात” में सुपौल की मिट्टी, संस्कृति और संवेदनाओं को प्रमुखता से स्थान दिया गया है, जिसके कारण उन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ।
मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा ने अपने संबोधन में कहा कि “युवा देश और समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि युवाओं को सही दिशा, बेहतर शिक्षा और सकारात्मक वातावरण मिले तो वे समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं। नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को कमजोर करता है। इसलिए हम सबकी जिम्मेदारी है कि आने वाली पीढ़ी को नशामुक्त और जागरूक बनाएं।”
कार्यक्रम में डॉ. विजय शंकर चौधरी, मो. जमाल उद्दीन, मिन्नत रहमानी, जदयू जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव, युगल किशोर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव, डॉ. कन्हैया सिंह, वार्ड पार्षद गगन ठाकुर, मनीष कुमार सिंह, सुनील सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद द्वारा सुपौल के इन तीनों गौरवों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा धन्यवाद ज्ञापन मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा ने किया।

