ओडिशा में तैनात सीआरपीएफ जवान की मौत से अरामबाग के शीतलपुर गांव में शोक
- DSS Admin
- May 26, 2026
हुगली, 26 मई (हि.स.)। ओडिशा में ड्यूटी के दौरान सीआरपीएफ जवान राकेश राय की असामयिक मृत्यु से आरामबाग के शीतलपुर गांव में शोक की लहर फैल गई है। मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही परिजनों, पड़ोसियों और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
जानकारी के अनुसार, आरामबाग के आरांडी क्षेत्र के शीतलपुर गांव निवासी 23 वर्षीय राकेश राय केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में कार्यरत थे। ड्यूटी के दौरान ही उनका निधन हो गया। मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार और ग्रामीणों के बीच शोक का माहौल बन गया।
मंगलवार को जब जवान का पार्थिव शरीर गांव लाया गया, तब अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। परिवार के सदस्य रो-रोकर बेहाल हो गए। गांव के कई लोगों की आंखें नम दिखाई दीं। विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी उपस्थित होकर दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
ग्रामीणों ने बताया कि राकेश बचपन से ही मेधावी, विनम्र और मेहनती स्वभाव के थे। देश सेवा के लिए समर्पित होने पर पूरे गांव को उन पर गर्व था। उनके असमय निधन से केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है।
स्थानीय लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार से आवश्यक सहायता प्रदान करने की मांग की है। राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच शीतलपुर गांव ने अपने वीर सपूत को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। देश सेवा में जुटे एक युवा जवान के इस तरह चले जाने से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
---------------

