“सीधे शंकर” बना भरोसे का मंच, मंत्री शंकर घोष सुन रहे जनता की हर समस्या
- DSS Admin
- Jun 28, 2026
सिलीगुड़ी, 28 जून (हि. स.)। चुनावी वादों से आगे बढ़कर सिलीगुड़ी के विधायक एवं राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष अब आम लोगों के बीच भरोसे का नाम बनते जा रहे हैं। अपने चुनावी वादे के अनुसार वे नियमित रूप से ‘सीधे शंकर’ (सोरासरी शंकर) कार्यक्रम का आयोजन कर रहे है। रविवार को सिलीगुड़ी के मार्गरेट स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम के तीसरे चरण में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लगातार दो बार सिलीगुड़ी विधानसभा सीट से जीत हासिल कर रिकॉर्ड बनाने वाले शंकर घोष का मानना है कि एक जनप्रतिनिधि का मुख्य काम लोगों की समस्याएं सुनना है।
इस दौरान सिलीगुड़ी शहर के अलावा आसपास के क्षेत्रों और अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक और नागरिक समस्याएं लेकर पहुंचे। मंत्री शंकर घोष ने सभी की बातें धैर्यपूर्वक सुनीं और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने मंत्री से सीधे मुलाकात का अवसर मिलने पर खुशी जाहिर की। उनका कहना है कि पहले उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब जनप्रतिनिधि सीधे उनके बीच आ रहे है।
लोगों के अनुसार मंत्री बनने के बाद भी शंकर घोष के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया है, जिससे उनकी लोकप्रियता और बढ़ी है।
राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने स्पष्ट किया कि जब तक वे सिलीगुड़ी में है, यह ‘सीधे शंकर’ कार्यक्रम लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। आने वाले दिनों में प्रधाननगर, भक्तिनगर और सिलीगुड़ी थानों के पास पुलिस की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, ताकि आम लोग सीधे पुलिस के सामने अपनी शिकायतें रख सके।

