झज्जर व मनवाल पुलिस ने दो ड्रग तस्करों को किया गिरफ्तार, अफीम व हीरोइन बरामद
- DSS Admin
- May 28, 2026
जम्मू, 28 मई (हि.स.)।
चल रहे 'नशा मुक्त अभियान' के तहत नशा तस्करी के खिलाफ अपनी लगातार मुहिम जारी रखते हुए जम्मू ग्रामीण पुलिस ने झज्जर कोटली पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की हैं। पहली घटना में पीपी मनवाल की एक पुलिस टीम ने नधाल नाके पर नियमित नाका ड्यूटी करते समय एक कंटेनर मालवाहक वाहन (अशोक लेलैंड, पंजीकरण संख्या पीबी10एचपी-4190) को रोका। यह वाहन उधमपुर-धार रोड से बट्टल की ओर आ रहा था। वाहन की तलाशी के दौरान वाहन के केबिन से लगभग 3 से 4 किलोग्राम अफीम के भूसे जैसा पदार्थ बरामद किया गया।
वाहन चालक जिसकी पहचान विक्की पुत्र रतन सिंह निवासी हम बोवेल, नूरपुर लुभाना, कपूरथला, पंजाब के रूप में हुई है, इस प्रतिबंधित पदार्थ को अपने पास रखने के संबंध में कोई भी वैध स्पष्टीकरण देने में विफल रहा। जिसके बाद झज्जर कोटली में एफआईआर संख्या 77/2026, एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/15 के तहत दर्ज की गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
एक अन्य घटना में पीपी मनवाल की पुलिस टीम ने नधाल नाके पर जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल (पंजीकरण संख्या जेके14एल-3298, हीरो स्प्लेंडर) को रोका। यह मोटरसाइकिल बट्टल की तरफ से उधमपुर की ओर आ रही थी।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल चालक के कब्जे से लगभग 13 से 14 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद किया गया। चालक की पहचान अनवर भट्ट पुत्र गुलाम मोहम्मद भट्ट निवासी सांबल, तहसील और जिला उधमपुर के रूप में हुई है। आरोपी इस प्रतिबंधित पदार्थ को अपने पास रखने के संबंध में कोई भी संतोषजनक स्पष्टीकरण देने में विफल रहा। इस संबंध में लझज्जर कोटली में एफआईसआर सख्या 78/2026, एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21/22 के तहत दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है।
---------------

