भाजपा सांसद ज्योतिर्मय महतो के खिलाफ लगे पोस्टर, जान से मारने की धमकी

पुरुलिया, 04 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में भाजपा सांसद एवं प्रदेश भाजपा के महासचिव ज्योतिर्मय सिंह महतो को निशाना बनाते हुए धमकी भरे पोस्टर लगाए जाने का मामला सामने आया है। पोस्टर में सांसद की हत्या करने वाले को एक लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की गई है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार यह पोस्टर पुरुलिया के कोटशिला थाना क्षेत्र से बरामद हुआ है। सफेद कागज पर नीली स्याही से लिखे गए पोस्टर में आरोप लगाया गया है कि सरकार की ओर से घर तोड़े जा रहे हैं और इसके लिए सांसद को जिम्मेदार ठहराया गया है। साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई है।

पोस्टर में स्थानीय बोली का प्रयोग किया गया है। इसमें कहा गया है कि यदि घर तोड़ने की कार्रवाई जारी रही तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। पोस्टर के अंत में सांसद की हत्या करने वाले को एक लाख रुपये देने की घोषणा की गई है।

घटना के बाद देर शाम सांसद ने पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने आशंका जताई है कि इसके पीछे उग्रवादी या माओवादी तत्वों का हाथ हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी संगठन या व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है।

सांसद ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

   

सम्बंधित खबर