मेरठ में 3600 रुपये के विवाद में महिला कबड्डी खिलाड़ी की हत्या का खुलासा, पीड़ित परिवार से मिले सपा विधायक अतुल प्रधान

मेरठ, 01 जून हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले की लापता महिला कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का की हत्या के खुलासे के बाद परिजनों के साथ पूरे गांव में शोक है। कभी गांव की यह लाडली बेटी जब मेडल जीत कर आती थी तो पूरा गांव खुशियां मनाता था। आज सब दुखी हैं। सोमवार को समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। खिलाड़ी डेढ़ माह से लापता थी। पुलिस ने परिवार की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई नहीं की।

गौरतलब है कि महिला कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का (17) 15 अप्रैल की रात से लापता थी। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ था। पुलिस ने संदेह के घेरे में आए फास्टफूड विक्रेता श्याम को चंडीगढ से दो बार लाकर पूछताछ की। कुछ नहीं उगलवा पायी। परिजन भी डेढ़ माह से लगातार तलाश कर रहे थे। सफलता न मिलने पर परिजन शनिवार काे एडीजी और एसएसपी से मिल कर बेटी की तलाश की गुहार लगायी। अधिकारियों ने जब सख्ती दिखायी तो पुलिस ने उसी फास्टफूड विक्रेता देहरादून निवासी श्याम को चंडीगढ से हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या करने की बात कबूल की। उसने बताया कि 15 अप्रैल की रात खिलाडी की हत्या कर शव को रोहटा रोड पर नाले में फेंक दिया था। पूछताछ में आरोपित ने यह भी बताया कि वह रोहटा फ्लाईओवर के पास फास्टफूड सेंटर चलाता था। वहां खिलाडी अनुष्का फास्टफूड खाने आती थी। उस पर 3600 रुपये उधार हो गए थे। इसी राशि के लेन देन के विवाद में उसकी जान ले ली और शव को शोभापुर चौकी के पास नाले में फेंक दिया।

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि दौराला थाना क्षेत्र के चिरोड़ी गांव निवासी अनुष्का दो वर्षों से कंकरखेड़ा के शोभापुर में अपने भाई अनमोल के साथ किराए के मकान में रह रही थी। वह पढ़ाई के साथ साथ कबड्डी का अभ्यास करती थी और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में खेलती थी। 15 अप्रैल की रात करीब 11 बजे आरोपित ने छात्रा की हत्या कर दी। फास्ट फूड का बकाया पैसा कुछ दिन में देने की बात कही थी लेकिन आरोपित जिद पर अड़ गया था। आरोपित के झगड़ा करने पर अनुष्का ने विरोध किया। तभी वह बौखला गया और उसने ईंट उठाकर अनुष्का के सिर पर वार कर जान ले ली। गिरफ्तारी के बाद आरोपित के खिलाफ आगे की कार्यवाही की गयी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर