पुलिस और जनता के बीच तालमेल के लिए संवाद जरूरी : एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ
- DSS Admin
- Jun 10, 2026
उरई, 10 जून (हि.स.) । कानपुर जाेन की अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अनुपम कुलश्रेष्ठ ने बुधवार काे जालाैन जिला की पुलिस लाइन में पत्रकारवार्ता कर जिले में पुलिस व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल के लिए लगातार संवाद आवश्यक है। कानपुर एडीजी जोन का पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनका पहला दाैरा है।
एडीजी ने जालौन के मुख्यालय उरई पहुंची और यहां पर उन्होंने सबसे पहले उन केंद्रों का निरीक्षण किया जहां पुलिस भर्ती परीक्षा चल रही थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन में पत्रकारवार्ता करते हुए कहा कि यहां स्थानीय स्तर पर पुलिसिंग के जो चैलेंज हैं, उन्हें समझना और उनका निराकरण करना मेरी प्राथमिकता है। पुलिस की कार्यशैली और जनता के फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधारों का आंकलन किया गया है।
उन्होंने बताया कि भर्ती स्थलों पर व्यवस्थाएं बेहतर मिलीं, जिससे संतोष जताया गया। एडीजी ने जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर पुलिस के व्यवहार को समझा। साथ ही, व्यापारियों से चर्चा कर कई अहम मुद्दों का समाधान किया। उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल के लिए लगातार संवाद आवश्यक है।
अपराध नियंत्रण पर जोर देते हुए उन्होंने पुलिस अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए, ताकि अपराधियों की नकेल कसी जा सके। विशेष तौर पर साइबर क्राइम, जो नए जमाने का गंभीर अपराध बनकर उभरा है, उसकी रोकथाम के लिए एक ठोस रणनीति तैयार की गई है। जालौन जिले के बॉर्डर मध्य प्रदेश की सीमा से जुड़े हुए हैं।
एडीजी ने बताया कि अन्तराज्यीय अपराधियों पर अंकुश लगाने और सीमा पार से होने वाली अपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए भी विस्तृत योजना बनाई गई है। महिला संबंधी अपराधों पर कड़ा रुख अपनाते हुए अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कहा, महिलाओं से जुड़े अपराधों में संलिप्त अपराधियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। हमारा प्रयास होगा कि महिलाएं सुरक्षित वातावरण महसूस करें।
--------------

