लखनऊ से चाकू खरीदकर दिल्ली आया, सो रही पत्नी की बेरहमी से हत्या, आरोपित गिरफ्तार

नई दिल्ली, 29 जून (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा गांव में घरेलू सहायिका की निर्मम हत्या की गुत्थी को शाहदरा जिला पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझाते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने हत्या की पूरी साजिश लखनऊ में ही रची थी। वह वहां से चाकू खरीदकर बस से दिल्ली पहुंचा और सुबह तड़के सो रही पत्नी पर कई बार चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने हत्या में इस्तेमाल चाकू को प्लास्टिक के बैग में छिपाकर कमरे में रख दिया, जिसे पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया।

शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त राजेन्द्र प्रसाद मीणा ने सोमवार को बताया कि 28 जून को आनंद विहार थाना पुलिस को पीसीआर कॉल मिली कि कड़कड़डूमा गांव के एक कमरे में महिला खून से लथपथ पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे के अंदर एक महिला मृत अवस्था में मिली, जिसके शरीर पर चाकू के कई गहरे घाव थे। मृतका की पहचान 30 वर्षीय सोनम जोशी के रूप में हुई। वह मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली थी और नोएडा में फुल-टाइम घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। हाल ही में वह कड़कड़डूमा गांव स्थित अपनी जेठानी कौशल के घर रहने आई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए शाहदरा जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्राइम टीम और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया, फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इसके साथ ही पुलिस ने परिजनों, पड़ोसियों और अन्य लोगों से पूछताछ शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका का पति अनुज जोशी ही वारदात के पीछे है। जांच में सामने आया कि आरोपित ने हत्या की योजना पहले से बना रखी थी। उसने लखनऊ में ही एक चाकू खरीदा और बस के जरिए दिल्ली पहुंचा। 28 जून की सुबह करीब 5:40 बजे वह कड़कड़डूमा गांव पहुंचा। उस समय सोनम कमरे में सो रही थी। आरोपित कमरे में घुसा और उस पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद आरोपित ने वारदात में इस्तेमाल चाकू को प्लास्टिक के बैग में छिपाकर कमरे में ही रख दिया। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपित अनुज जोशी (35) मूल रूप से लखनऊ का रहने वाला है। वह वहां आइसक्रीम की रेहड़ी लगाकर अपनी आजीविका चलाता है। उसके पारिवारिक जीवन की जांच में पता चला कि उसकी पहली शादी ज्योति नामक महिला से हुई थी, जिससे उसके दो बच्चे हैं। पहली पत्नी से तलाक के बाद उसने सोनम जोशी से दूसरी शादी की थी। सोनम से उसके तीन बच्चे हैं। वर्तमान में आरोपित के सभी पांचों बच्चे लखनऊ में रह रहे हैं।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पुलिस ने हत्या के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है। मामले में सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हत्या के पीछे की मुख्य वजह क्या थी। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर