गोल्ड लेन-देन विवाद में ज्वैलर पर केस दर्ज:जालंधर के कारोबारी ने करनाल के ज्वैलर पर धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप लगाए
- Neha Gupta
- Jun 03, 2026
करनाल में गोल्ड के लेन-देन को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। जालंधर के एक कारोबारी की शिकायत पर शहर के एक ज्वैलर के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और अब मामले की तफ्तीश जारी है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से कारोबारिक संबंध थे, जो बाद में विवाद में बदल गए। 2021 से चल रहा था ज्वैलरी का कारोबार जालंधर के बस्ती शेख निवासी पंकज लुथरा ने पुलिस अधीक्षक करनाल को दी शिकायत में बताया कि वह गोल्ड ज्वैलरी सप्लाई का काम करता है। साल 2021 से वह करनाल के कुंजपुरा रोड स्थित हंस ज्वैलर्स को ज्वैलरी सप्लाई कर रहा था। इस दौरान दोनों के बीच अच्छा खासा लेन-देन बना रहा। कई बार ज्वैलर खुद जालंधर जाकर भी माल लेकर आता था। एक्सीडेंट के बाद बिगड़ी स्थिति पंकज लुथरा के अनुसार साल 2024 में उसका एक्सीडेंट हो गया, जिससे उसकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई। इस कारण वह करीब छह-सात महीने तक करनाल नहीं आ सका। इस दौरान जरूरत पड़ने पर हंस ज्वैलर्स का मालिक विजय कपूर जालंधर आकर उससे सामान लेता रहा। गोल्ड वापस मांगने पर टालमटोल ठीक होने के बाद जब पंकज लुथरा करनाल अपने गोल्ड का हिसाब लेने पहुंचा तो आरोपी उसे बार-बार टालता रहा। उसने कई बार दुकान के चक्कर लगाए, यहां तक कि अपनी बहन की शादी के समय भी गोल्ड की जरूरत बताई, लेकिन उसे उसका माल वापस नहीं दिया गया। धमकी देने का आरोप भी लगाया शिकायत में पंकज लुथरा ने आरोप लगाया कि विजय कपूर ने उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने कहा कि वह करनाल का स्थानीय व्यक्ति है और बड़े पुलिस अधिकारियों व नेताओं से उसके संबंध हैं, इसलिए वह कुछ नहीं कर सकता। साथ ही उसे दोबारा दुकान पर न आने की चेतावनी भी दी गई। स्वर्णकार संघ ने भी आरोपी को बताया दोषी मामले को लेकर सर्राफा बाजार की स्वर्णकार संघ के पास भी शिकायत की गई। संघ ने दोनों पक्षों को बुलाकर हिसाब-किताब पेश करने को कहा। पंकज लुथरा ने अपना पूरा रिकॉर्ड दिखाया, लेकिन विजय कपूर ने कोई हिसाब पेश नहीं किया और संघ के प्रधान के साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। संघ के सदस्यों ने लिखित में दिया कि विजय कपूर दोषी है और उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस जांच के बाद दर्ज हुआ केस यह शिकायत 11 मई को थाना शहर करनाल में तहत दर्ज हुई। मामले की जांच एसआई सलिंद्र कुमार को सौंपी गई। दोनों पक्षों को नोटिस देकर बुलाया गया, लेकिन आरोपी ने अपना बयान दर्ज नहीं करवाया। वहीं शिकायतकर्ता की ओर से उसके पिता राजकुमार लुथरा ने बयान दिया। 2 जून को दर्ज हुआ मुकदमा, जांच जारी जांच के आधार पर पुलिस ने 2 जून को थाना शहर करनाल में मुकदमा दर्ज कर लिया। इसमें धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी देने के आरोप शामिल किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

