यंग इंडिया पार्लियामेंट में चार महत्वपूर्ण विधेयकों पर सार्थक बहस, बहुमत से पारित हुए सभी प्रस्ताव
- DSS Admin
- Jul 05, 2026

लखनऊ, 05 जुलाई (हि.स.)। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की युवा इकाई यंग इंडियंस कानपुर द्वारा विधान भवन में आयोजित यंग इंडिया पार्लियामेंट–2026 में लोकतांत्रिक प्रक्रिया का प्रभावशाली एवं जीवंत प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सत्ता पक्ष, विपक्ष, मंत्रियों और विधानसभा अध्यक्ष की भूमिकाओं का निर्वहन करते हुए संसदीय कार्यवाही का वास्तविक अनुभव प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विधेयक , एथेनॉल ब्लेंडिंग विधेयक , राष्ट्रीय गुमशुदा व्यक्ति एवं मानव तस्करी डिजिटल एकीकरण विधेयक तथा डिजिटल सुरक्षा एवं बाल संरक्षण विधेयक सदन में प्रस्तुत किए गए। इन विधेयकों को क्रमशः आरना, अंशुमान, परी और वैभवी ने सदन के पटल पर रखा।
प्रत्येक विधेयक पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच गंभीर एवं सार्थक बहस हुई। प्रतिभागियों ने सामाजिक, आर्थिक और तकनीकी पहलुओं पर अपने-अपने तर्क रखते हुए विधेयकों के समर्थन और विरोध में तथ्यपरक विचार व्यक्त किए। प्रश्नकाल और शून्यकाल की कार्यवाही के बाद सदन में विधायी प्रक्रिया का पालन करते हुए प्रत्येक विधेयक पर मतदान कराया गया।
मतदान के दौरान सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के सदस्यों ने अपने मत के समर्थन अथवा विरोध में हाथ उठाकर अपनी सहमति और असहमति दर्ज कराई। बहुमत का समर्थन मिलने पर सभी चारों विधेयक पारित घोषित किए गए।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक मूल्यों, तार्किक विमर्श, निर्णय प्रक्रिया तथा स्वस्थ बहस की संस्कृति का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। पूरे आयोजन में अनुशासन, संसदीय मर्यादा और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का प्रभावी पालन किया गया, जिससे प्रतिभागियों को विधानसभा की वास्तविक कार्यप्रणाली को निकट से समझने का अवसर मिला।
---------------

