बारुईपुर कांड : जिस तालाब में मिला था बच्ची का शव, वहां से एक और शव बरामद

कोलकाता, 06 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 12 वर्षीय बालिका के सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में सोमवार को नया मोड़ सामने आया। जिस तालाब से रविवार को बालिका का शव बरामद हुआ था, उसी तालाब से सोमवार को एक व्यक्ति का शव भी बरामद किया गया। पुलिस दोनों घटनाओं के बीच किसी संभावित संबंध की जांच कर रही है।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृत व्यक्ति की पहचान कृष्णकांत हलदार के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह पिछले शुक्रवार से लापता थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मृतक के परिजनों से संपर्क किया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कृष्णकांत हलदार का किसी से विवाद था या नहीं, वह क्या काम करते थे और तालाब तक कैसे पहुंचे, इन सभी पहलुओं की जांच बारुईपुर थाना पुलिस कर रही है। फिलहाल पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उनका बालिका के सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले से कोई संबंध है या नहीं।

इस बीच, बालिका का शव मिलने के लगभग 24 घंटे बाद पुलिस ने मामले में सामूहिक दुष्कर्म की धाराएं भी जोड़ दी हैं। बारुईपुर अदालत में हत्या के साथ भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(2) के तहत सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है।

------

आरोपितों की पुलिस हिरासत

अब तक इस मामले में 3 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से 2 आरोपितों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 20 जुलाई तक 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। तीसरे गिरफ्तार आरोपित को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि रविवार को 12 वर्षीय बालिका का शव बरामद होने के बाद बारुईपुर में व्यापक तनाव फैल गया था। आक्रोशित भीड़ ने एक संदिग्ध व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद हिंसक प्रदर्शन के दौरान सियालदह-नामखाना रेल मार्ग पर लगभग एक घंटे तक रेल सेवाएं बाधित रहीं, जबकि सड़क यातायात करीब 5 घंटे तक प्रभावित रहा। पुलिस पर पथराव भी किया गया, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पीड़िता के पिता से फोन पर बातचीत की है और उन्हें मंगलवार को भवानी भवन बुलाया है। मुख्यमंत्री के मंगलवार को बारुईपुर का दौरा करने की भी संभावना है।

   

सम्बंधित खबर