ग्रीन क्रेडिट योजना के तहत पौधरोपण को लेकर दी जाती है विस्तृत जानकारी : कीर्ति वर्धन सिंह
- Admin Admin
- Feb 14, 2025

धर्मशाला, 14 फ़रवरी (हि.स.)। केन्द्रीय पर्यावरण एवं वन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने बताया कि केन्द्र सरकार ने ग्रीन क्रेडिट अर्जित करने के लिए 12 अक्तूबर 2023 को ग्रीन क्रेडिट रूल 2023 अधिसूचित किये हैं ताकि पर्यावरण पर सकारात्मक पहल को बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने बताया कि इसके अधीन वन विभाग के नियन्त्रण में बंजर जमीन पर स्वैच्छिक रूप से पौधरोपण करना और पर्यावरण संतुलन साधना है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने राज्य सभा सांसद इंदु बाला गोस्वामी द्वारा पूछे गए एक सवाल के जबाव में यह जानकारी सदन में दी।
उन्होंने बताया कि केन्द्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्रालय ने 22 फरवरी 2024 को पौधरोपण से ग्रीन क्रेडिट की गणना के लिए नोटिफिकेशन जारी की है। ग्रीन क्रेडिट प्रोग्राम के अन्तर्गत पौधरोपण के तौर तरीकों की विस्तृत जानकारी को मंत्रालय ने फरवरी 2024 को अधुसूचित किया है।
असंगठित क्षेत्र के कामगारों को है 3000 मासिक वृद्धावस्था पेंशन का प्रावधान
केन्द्रीय श्रम और रोजगार राज्य मन्त्री शोभा करंदलाजे ने राज्य सभा सांसद इंदु बाला गोस्वामी को सदन में बताया कि असंगठित क्षेत्र के कामगारों को वृद्धावस्था पेंशन प्रदान करने के लिए फरवरी 2019 में प्रधान मंत्री श्रम योगी मान धन योजना लागू की गई है, जिसके अंतर्गत असंगठित क्षेत्र के कामगारों को 60 वर्ष आयु के बाद न्यूनतम 3000 रूपये की पेंशन प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि इसके लिए 15000 रूपये आय से कम आमदनी वाले 18 से 40 आयु वर्ग के कामगारों को पंजीकृत किया जाता है जोकि किसी अन्य सरकारी योजना के अंतर्गत कवर नहीं होते हों।
उन्होंने बताया कि लाभार्थी की आयु के हिसाब से मासिक सहभागिता राशि 55 रूपये से 200 रूपये तक तय की जाती है तथा केन्द्र सरकार समान राशि का योगदान प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि इसका पंजीकरण कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से किया जा सकता है जिसके देश में चार लाख केंद्रों का नेटवर्क है। लाभार्थी की मौत के बाद उसके जीवन साथी को पचास प्रतिशत राशि फैमिली पेंशन के रूप में प्रदान की जाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया