कांगड़ा जिला में पहले चरण में 287 पंचायतों में मतदाता चुनेंगे अपने प्रतिनिधि
- DSS Admin
- May 25, 2026
धर्मशाला, 25 मई (हि.स.)। जिला कांगड़ा में ग्रामीण संसद के पहले चरण का चुनाव मंगलवार को होगा। ग्रामीण लोकतंत्र के इस सबसे बड़े उत्सव के तहत जिले की 287 पंचायतों में मतदान होगा। मतदाता अपने गांवों के विकास और भविष्य को ध्यान में रखते हुए नए प्रतिनिधियों का चयन करेंगे। पंचायत चुनावों को लेकर गांव-गांव में पिछले कई दिनों से चुनावी माहौल पूरी तरह गर्माया हुआ था और प्रत्याशियों ने लोगों तक पहुंचने के लिए डोर-टू-डोर प्रचार अभियान चलाया। अब चुनाव प्रचार थम चुका है और आज मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर पंचायतों की नई तस्वीर तय करेंगे।
जिला कांगड़ा में पंचायत चुनाव इस बार तीन चरणों में आयोजित किए जा रहे हैं। पहले चरण का मतदान 26 मई को, दूसरे चरण का मतदान 28 मई को तथा तीसरे और अंतिम चरण का मतदान 30 मई को होगा। पहले चरण में कल मंगलवार को जिला की 287 पंचायतों में मतदान कराया जा रहा है। इन पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य, बीडीसी सदस्य तथा जिला परिषद सदस्यों के लिए चुनाव हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत चुनावों को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की कतारें लगने की संभावना जताई जा रही है। युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग और महिलाएं भी बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं। इस बार चुनावों में कई पंचायतों में कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। कई जगहों पर पुराने जनप्रतिनिधियों को चुनौती देने के लिए नए चेहरे मैदान में उतरे हैं। वहीं कुछ पंचायतों में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी ने चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार के दौरान सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य के चुनाव परिणामों की बात करें तो पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए मतदान के बाद कल शाम तक ही नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। इसके चलते पंचायतों में देर शाम तक चुनावी हलचल बनी रहेगी। वहीं बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे। चुनाव परिणामों को लेकर प्रत्याशियों और समर्थकों में उत्सुकता बनी हुई है।
उधर चुनाव आयोग और जिला प्रशासन ने मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला उपायुक्त एवं निर्वाचन अधिकारी हेम राज बैरवा ने बताया कि मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों की भी तैनाती की गई है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

