15 जून को हिमाचल प्रदेश में होगा मेगा मॉक ड्रिल, कांगड़ा के उपमंडलों में 12 घंटे चलेगा अभ्यास
- DSS Admin
- Jun 13, 2026
धर्मशाला, 13 जून (हि.स.)। आपदा प्रबंधन की तैयारियों और विभिन्न विभागों की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करने के उद्देश्य से 15 जून (सोमवार) को पूरे हिमाचल प्रदेश में व्यापक स्तर पर मेगा मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि जिला कांगड़ा के विभिन्न उपमंडलों में यह अभ्यास सुबह 9:30 बजे से रात्रि 9:30 बजे तक संचालित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान संभावित आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों, एजेंसियों एवं आपदा प्रबंधन तंत्र के बीच समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता तथा त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया जाएगा। अभ्यास के माध्यम से आपदा से निपटने की तैयारियों में मौजूद कमियों की पहचान कर उन्हें दूर करने के लिए आवश्यक कदम भी उठाए जाएंगे।
उपायुक्त ने जिला के नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभ्यास को गंभीरता और सकारात्मक दृष्टिकोण से लें तथा प्रशासन और संबंधित विभागों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास आपदा के समय जनहानि एवं नुकसान को कम करने तथा प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

