बिना टिकट यात्रियों पर सख्त कार्रवाई, खड़गपुर रेल मंडल ने वसूला करोड़ों जुर्माना
- DSS Admin
- Jul 02, 2026



खड़गपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर रेल मंडल ने बिना टिकट यात्रा करने वालों, अनियमित टिकट पर सफर करने वालों और बिना बुक किए गए सामान (लगेज) के परिवहन के खिलाफ जून 2026 में बड़ा अभियान चलाते हुए रिकॉर्ड कार्रवाई की है।
गुरुवार शाम मंडल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पूरे जून महीने में स्टेशनों और ट्रेनों में चलाए गए सघन टिकट चेकिंग अभियान के दौरान एक लाख 21 हजार 288 मामलों का पता लगाया गया, जिनसे 12 करोड़ 82 लाख 22 हजार 750 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह अभियान नियमित रूप से चलाया जा रहा है, ताकि यात्रियों के बीच अनुशासित यात्रा की संस्कृति विकसित हो और वैध टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
खड़गपुर रेल मंडल के आंकड़ों के अनुसार जून 2025 में कुल 86 हजार 179 मामले पकड़े गए थे, जिनसे छह करोड़ 73 लाख 80 हजार 270 रुपये का जुर्माना वसूला गया था। जबकि जून 2026 के आंकड़े बताते हैं कि इस बार मामलों की संख्या और जुर्माने की राशि दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। रेलवे प्रशासन इसे सघन जांच अभियान की सफलता मान रहा है।
चालू वित्तीय वर्ष अप्रैल 2026 से जून 2026 तक खड़गपुर मंडल ने बिना टिकट, अनियमित टिकट और बिना बुक किए गए सामान के कुल तीन लाख दो हजार 196 मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में कार्रवाई करते हुए रेलवे को 29 करोड़ 19 लाख 955 रुपये की राशि जुर्माने के रूप में प्राप्त हुई है।
रेलवे प्रशासन ने साफ किया है कि ऐसे विशेष चेकिंग अभियानों का उद्देश्य केवल जुर्माने के जरिए राजस्व अर्जित करना नहीं है। इसका मुख्य उद्देश्य यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, बिना टिकट यात्रा को हतोत्साहित करना, ट्रेनों में अनावश्यक भीड़ कम करना और यात्रियों को सुरक्षित व आरामदायक यात्रा अनुभव देना है।
अधिकारियों का कहना है कि बिना टिकट यात्रा और बिना बुक किए गए सामान के कारण न केवल रेलवे को आर्थिक नुकसान होता है, बल्कि इससे ट्रेनों में भीड़भाड़ बढ़ती है और वैध यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
---------------

