चाय बागान में महिला का सड़ा-गला शव बरामद, इलाके में हड़कंप
- DSS Admin
- Jun 04, 2026
जलपाईगुड़ी, 04 जून (हि. स.)। मेटेली के माटियाली ब्लॉक स्थित नागेश्वरी चाय बागान में गुरुवार को एक महिला का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बागान के सेक्शन नंबर सात में काम पर पहुंचे श्रमिकों ने शव को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मृतका की पहचान सबिता खेड़िया के रूप में हुई है, जो आई विल चाय बागान के मोंगरा लाइन की निवासी थी।
परिजन जगदीश खेड़िया ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक समस्याओं से जूझ रही थी। उनके पति चेन्नई में प्रवासी मजदूर के रूप में काम करते है, जबकि सबिता खुद भी विभिन्न चाय बागानों में मजदूरी करती थी। एक जून को घर से निकलने के बाद से उनका पता नहीं चल पाया था। गुरुवार को श्रमिकों द्वारा शव देखे जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। शव के सड़ने के कारण मौत के कारणों को लेकर रहस्य बना हुआ है। महिला वहां कैसे पहुंची और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसको लेकर पुलिस जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शव को शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

