कीर्ति पाठक बनीं आम आदमी पार्टी राजस्थान की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष
- DSS Admin
- Jun 16, 2026
जयपुर, 16 जून (हि.स.)। आम आदमी पार्टी ने राजस्थान में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए वरिष्ठ नेता कीर्ति पाठक को प्रदेश का कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के बाद प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं में उत्साह का माहौल है।
आम आदमी पार्टी राजस्थान के मुख्य प्रवक्ता दीपक मिश्रा ने बताया कि यह नियुक्ति पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, राजस्थान प्रभारी धीरज टोकस, सह-प्रभारी घनेंद्र भारद्वाज तथा केंद्रीय नेतृत्व के विश्वास और दूरदर्शी सोच का परिणाम है।
राजस्थान प्रभारी धीरज टोकस ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि कीर्ति पाठक के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी राजस्थान में एक मजबूत, जनहितैषी और प्रभावी विपक्ष की भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि कीर्ति पाठक के अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण से पार्टी को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी।
सह-प्रभारी घनेंद्र भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश के कार्यकर्ता कीर्ति पाठक के नेतृत्व में संगठित होकर समाज के हर वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाएंगे तथा पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि आम आदमी पार्टी राजस्थान में एक सशक्त और सकारात्मक राजनीतिक विकल्प के रूप में अपनी भूमिका और मजबूत करेगी।
मुख्य प्रवक्ता दीपक मिश्रा ने बताया कि कीर्ति पाठक का राजनीतिक और सामाजिक जीवन जन आंदोलनों से जुड़ा रहा है। उन्होंने अन्ना आंदोलन से अपनी सार्वजनिक यात्रा की शुरुआत की और तब से पार्टी संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पार्टी ने उनकी कार्यक्षमता और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए समय-समय पर उन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपीं।
कीर्ति पाठक प्रदेश स्तर पर फ्रंटल विंग की जिम्मेदारी, प्रदेश उपाध्यक्ष तथा प्रदेश महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सफलतापूर्वक कार्य कर चुकी हैं। जिला स्तर से लेकर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। उनके लंबे अनुभव, समर्पण, संघर्षशील नेतृत्व और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें राजस्थान का कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।
---------------

