जोधपुर, 15 जून (हि.स.)। मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों को समर्पित संस्था सिद्धार्थ सोशल सर्विस द्वारा विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में होटल सिद्धार्थ हेरिटेज में रक्तदाता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 151 रक्तवीरों, सात संस्थाओं एवं ब्लड बैंक सहायकों का सम्मान किया गया।
सिद्धार्थ सोशल सर्विस के निदेशक एवं कार्यक्रम संयोजक विनोद सिंघवी ने बताया कि समारोह में शहर विधायक अतुल भंसाली, सीएमएचओ डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत, मथुरादास माथुर हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण भोपाल सिंह लखावत, पूर्व पार्षद प्रदीप गांग, सिद्धार्थ सिंघवी तथा अन्य गणमान्य अतिथियों ने 151 रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह में रक्तदान के क्षेत्र में अपनी विशिष्ठ पहचान बनाकर सेवा देने के लिए विशिष्ट रक्तदान संस्थाओं वंदे भारत सेवा संस्था, सालासर सेवा संस्थान, मारवाड़ रक्त सेवा संस्थान, द रॉयल ब्लड सेवा संस्थान, तेरापंथ युवक परिषद, श्री सैन रक्तदान और रक्त वीर सेवा समिति के साथ ही एम्स ब्लड बैंक के मुख्य सहायक गंगा सिंह, एमजीएच ब्लड बैंक के ललित सोलंकी व प्रतीक कटारिया एमडीएमएच ब्लड बैंक के मोहम्मद तौसीफ व देव दैया और उम्मेद हॉस्प्टिल ब्लड बैंक के शेर सिंह भाटी को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एंकर अरुण सिंह चौहान ने किया।

