श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ, शिव-पार्वती विवाह प्रसंग से भावविभोर हुए श्रद्धालु
- DSS Admin
- May 31, 2026
कोलकाता, 31 मई (हि. स.)। पूर्वांचल कल्याण आश्रम के तत्वावधान में साल्टलेक के स्टेडल बैंक्वेट में आयोजित आठ दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ रविवार को हुआ। मुख्य अतिथि पुरुषोत्तम बेरीवाल ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कथा की शुरुआत की।
इस अवसर पर कथा संरक्षक पद्मश्री प्रहलाद राय अग्रवाल, मुख्य यजमान राजेश गुप्ता, विशिष्ट सहयोगी राजेश अग्रवाल और वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।
प्रहलाद राय ने आश्रम के शिक्षा व स्वास्थ्य संबंधी सेवा कार्यों की सराहना की, जबकि सत्येंद्र सिंह ने राष्ट्र निर्माण में संगठन के योगदान पर प्रकाश डाला। जोड़ामंदिर समिति की बहनों ने भावपूर्ण गीत प्रस्तुत किया और मंच संचालन शशि मोदी ने किया।
कथाव्यास पूज्य मृदुलकांत शास्त्री जी महाराज ने प्रथम दिन शिव-पार्वती विवाह के अलौकिक प्रसंग का वर्णन किया। उन्होंने चौपाइयों के माध्यम से बताया कि यह विवाह श्रद्धा-विश्वास और शक्ति-शिवत्व का दिव्य संगम है, जिसे सुनकर श्रोता भावविभोर हो उठे।
कार्यक्रम में 108 यजमानों द्वारा सहस्त्रनामार्चन और रामलला का अभिषेक हुआ। दैनिक यजमान आभा-मदन गोपाल चौधरी, श्रृंगार यजमान निशांत किल्ला और प्रसाद यजमान राजकुमार बुबना व बड़ा बाजार महिला समिति थे। यह कथा सात जून तक चलेगी।
---------------

