राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे रालोद संसदीय बोर्ड के सदस्य मनोनीत, पार्टी नेताओं ने किया स्वागत

लखनऊ, 02 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में गुरुवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी द्वारा राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे को रालोद संसदीय बोर्ड का सदस्य मनोनीत किए जाने पर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। स्वागत समारोह से पूर्व श्री दुबे ने रालोद नेताओं के साथ मुख्यालय स्थित भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम का संचालन व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में अनिल दुबे ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस विश्वास पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसानों, युवाओं, मजदूरों तथा समाज के सभी वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत एवं सम्मान के लिए धन्यवाद भी ज्ञापित किया।

प्रदेश पदाधिकारियों ने शीर्ष नेतृत्व के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि अनिल दुबे पूर्वांचल, मध्य उत्तर प्रदेश (मध्यांचल) एवं बुंदेलखंड के क्षेत्रों में जनता और कार्यकर्ताओं के बीच एक अत्यंत लोकप्रिय, संघर्षशील एवं कर्मठ नेता के रूप में अपनी विशेष पहचान रखते हैं। उनके संसदीय बोर्ड में शामिल होने से इन क्षेत्रों में पार्टी संगठन को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी तथा आगामी चुनावों में राष्ट्रीय लोकदल और अधिक सशक्त होकर उभरेगा।

वक्ताओं ने कहा कि अनिल दुबे का संसदीय बोर्ड में मनोनयन उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव, समर्पण एवं पार्टी के प्रति निष्ठा का सम्मान है। उनके अनुभव का लाभ संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा। समारोह में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्णय का स्वागत करते हुए संगठन को और सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर युवा रालोद के प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र सिंह पटेल, एससी-एसटी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष भगवती प्रसाद सूर्यवंशी, प्रोफेशनल मंच के प्रदेश अध्यक्ष अम्बुज पटेल, प्रोफेशनल मंच के राष्ट्रीय सचिव आर. एन. शुक्ला, श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेश पाल धनगर, मयंक त्रिवेदी, रजनीकांत मिश्रा, बी.एल. प्रेमी, चौधरी भूपाल सिंह, रामावती तिवारी, प्रीति श्रीवास्तव, चंद्रकांत अवस्थी, राव इकबाल, प्रमोद शुक्ला, पी. के. पाठक, राजकुमार ओझा, माया देवी, अनीता यादव, बिपिन द्विवेदी, शफीक, मुकेश वर्मा आदि प्रमुख साथी मौजूद रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर