पानीपत: खेत के पानी में करंट आने से धान की रोपाई कर रहे मजदूर की मौत

खेत में करंट आने से हुई मजदूर की मौत मामले में कार्रवाई करती पुलिस।


पानीपत, 03 जुलाई । पानीपत के गांव भोड़वाल माजरी में धान रोपाई के दौरान खेत के पानी में करंट आने से एक मजदूर की मौत हो गई जबकि दाे अन्य मजदूर झुलस गए। गंभीर हालत में उन्हें समालखा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मजदूर बिहार के सहरसा जिले के रहने वाले हैं। मृतक की पहचान 36 वर्षीय मनोज कामत के रूप में हुई है, जबकि झुलसे लोगों में मुलायम और परमीत हैं।

झुलसे मजदूरों ने बताया कि वे पंद्रह-बीस दिन पहले धान रोपाई के लिए अपने साथियों के साथ बिहार से पानीपत समालखा के गांव भोड़वाल माजरी आए थे। वे वर्षों से धान की रोपाई और कटाई के मौसम में यहां काम करने आते हैं, तथा ग्रामीण सुशील के खेत में रहते हैं। गुरुवार को मजदूर ईश्वर के खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी भी हो रही थी। खेत से गुजर रही बिजली की 11 हजार केवीए की हाई टेंशन डिस्क पंक्चर होने से धमाका हुआ और तेज चिंगारी के कारण करंट खंभे के माध्यम से खेत के पानी में फैल गया।

मृतक मनोज कामत खंभे के पास काम कर रहा था, जिससे मनोज को करंट का तेज झटका लगा जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मनोज के आसपास होने के कारण मुलायम और परमीत भी घायल हो गए। खेत में काम कर रहे सात अन्य मजदूर भी पानी में गिर गए, लेकिन गनीमत रही कि इस दौरान बिजली लाइन ट्रिप हो गई, जिससे उनकी जान बच गई। मृतक मनोज कामत के परिवार में तीन लड़कियां और एक लड़का है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बिजली निगम को फोन कर लाइन कटवाई तत्पश्चात शव का पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पोस्टमार्टम परिजनों के आने के बाद होगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर