लुधियाना में प्रेशर कुकर फटने से घर की दीवार गिरी, मां-बेटे समेत 3 गंभीर घायल

लुधियाना, 04 जून । लुधियाना के जमालपुर इलाके में गुरुवार सुबह एक घर में प्रेशर कुकर फटने से घर की एक दीवार गिर गई और कमरे में आग लग गई। आग की चपेट में आने से टीवी, बेड और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

हादसे के समय घर में मौजूद विनोद, उसकी पत्नी रीमा और 14 वर्षीय बेटा मलबे के नीचे दब गए और आग में झुलस गए।

पुलिस के अनुसार यह हादसा जमालपुर के विचित्र नगर में सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। परिवार जिस कमरे में सोता था, उसी कमरे में रसोई भी बनी हुई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि रात के समय परिवार ने खाना बनाते हुए प्रेशर कुकर गैस पर रखा था। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की और तीनों घायलों को मलबे से बाहर निकाला।

इसके बाद घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। फिलहाल विनोद और उसकी पत्नी रीमा की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि बेटा भी डॉक्टरों की निगरानी में उपचाराधीन है।

पड़ोसी खुर्शीद आलम ने बताया कि सुबह अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। बाहर आकर देखा तो पीछे वाले कमरे की दीवार टूटी हुई थी और अंदर आग लगी हुई थी। इसके बाद लोगों ने मिलकर घायलों को बाहर निकाला।

थाना जमालपुर के एसएचओ प्रमोद राज ने बताया कि हादसे के असल कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि धमाका प्रेशर कुकर फटने से हुआ या गैस लीक होने के कारण।

--------------------

   

सम्बंधित खबर