जौनपुर,12 मई (हि.स.)। संसद में नारी शक्तिवंदन संशाेधन विधेयक का विराेध करने वाली समाजवादी पार्टी के खिलाफ जाैनपुर में मंगलवार को भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। लोहिया पार्क परिसर में आयोजित प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सपा सांसद बाबू सिंह कुशवाहा और समाजवादी पार्टी के विरोध में नारेबाजी की।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रागिनी सिंह ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध कर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अपनी महिला विरोधी मानसिकता को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी आगामी चुनावों में इसका जवाब देगी और इसका असर वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा।जिला मंत्री अंशु कुशवाहा ने कहा कि केंद्र सरकार ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के माध्यम से महिलाओं को उनका अधिकार और सम्मान देने का कार्य कर रही है। वहीं विपक्षी दल महिलाओं के अधिकारों का विरोध कर रहे हैं।नीलम अग्रहरि ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें सशक्त बनाना चाहते थे, लेकिन विपक्षी सांसदों ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि इसी विरोध के चलते महिला कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन कर रही हैं।प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे गांव-गांव जाकर महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक करेंगी।इस अवसर पर विमला श्रीवास्तव, मिलन श्रीवास्तव, राखी सिंह, सुशीला सिंह, निशी सोनकर, पूनम, पूजा, शांति, मीता, मंगला, आशा, सुमन, सुभाना, लीलावती, विमला विंद, विमला मौर्य और रूपा अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

