22 हेक्टेयर बिलानाम भूमि पर क्वार्टजाइट खनन का था प्रस्ताव, विरोध को देखते हुवे होगी जांच
- DSS Admin
- May 13, 2026
चित्तौड़गढ़, 13 मई (हि.स.)। जिले की भदेसर तहसील के सुखवाड़ा, हसमतगंज, वजीरगंज, गणपत खेड़ा क्षेत्र में 22 हेक्टेयर बिलानाम भूमि पर क्वार्टजाइट खनन की तैयारी शुरू हो गई है। खनिज विभाग ने 15-20 दिन पहले संयुक्त सीमांकन कर क्षेत्र चिन्हित किया और नीलामी के लिए प्रस्ताव निदेशालय को भेज दिया है। लेकिन ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए खनिज विभाग चित्तौड़गढ़ रिपोर्ट बना कर निदेशालय भेजेगा।
खनिज विभाग ने सुखवाड़ा क्षेत्र में क्वार्टजाइट खनन को लेकर एक प्रस्ताव तैयार कर निदेशालय भेजा था। इसमें खनिज विभाग जमीन नीलाम करने वाला था। इसकी जानकारी मिली तो ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां खनिज लीज जारी होने पर कटाई से पर्यावरण को गंभीर नुकसान होगा। खनन से उड़ने वाली धूल से कृषि भूमि व फसलों को नुकसान पहुंचेगा। खनन क्षेत्र के पास पांच तालाब हैं, जिनमें साल भर पानी रहता है और हजारों पशु-पक्षी इन पर निर्भर हैं। पानी की आवक का मुख्य स्रोत यही पहाड़ियां हैं। ग्रामीणों ने विरोध के चलते निर्णय लिया है कि यदि माइनिंग लीज आवंटित की गई तो आगामी सभी चुनावों का सामूहिक बहिष्कार किया जाएगा। वहीं इस संबंध में खनिज विभाग निंबाहेड़ा के सहायक अभियंता रणजीत मीणा ने बताया कि जियोलॉजिस्ट की रिपोर्ट पर क्वार्टजाइट खनन के लिए प्रस्ताव भेज कर बिलानाम जमीन में नीलामी की तैयारी की जा रही है। यहां खनिज क्वार्टजाइट खनन होना है। संयुक्त सीमांकन की कार्यवाही की गई थी। अब ग्रामीणों का विरोध सामने आया है तो इसकी रिपोर्ट बना कर उच्च अधिकारियों को लिखा जाएगा।
---------------

