मायाबाजार में जर्जर सड़क की मरम्मत के लिए भाजपा कार्यकर्ता उतरे मैदान में, लोगों को मिली राहत
- DSS Admin
- May 17, 2026
पश्चिम बर्दवान, 17 मई (हि. स.)। जिले के दुर्गापुर स्थित मायाबाजार न्यू मार्केट इलाके में लंबे समय से जर्जर सड़क की समस्या से परेशान लोगों को अब कुछ राहत मिली है। 36 और 37 नंबर वार्ड को जोड़ने वाली यह सड़क इतनी खराब हो चुकी थी कि हल्की बारिश में भी जलभराव हो जाता था और लोगों का आना-जाना मुश्किल हो जाता था। इसका सबसे ज्यादा असर स्थानीय व्यापारियों पर पड़ रहा था, क्योंकि खराब सड़क के कारण कई विक्रेता दुकान तक पहुंचने से कतराते थे।विधानसभा चुनाव के दौरान इलाके के लोगों और व्यापारियों ने इस समस्या को दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण घोड़ुई के सामने उठाया था, जिन्होंने समाधान का आश्वासन दिया था। रविवार को इस दिशा में पहल करते हुए भाजपा कार्यकर्ता सामने आए। पार्टी के नेता सुमंत मंडल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने खुद ट्रैक्टर से सामग्री लाकर सड़क के गड्ढों को भरा और बेलचा लेकर सड़क समतल करने का काम किया।
इस पहल से स्थानीय लोगों और व्यापारियों को फिलहाल राहत मिली है। हालांकि यह एक अस्थायी समाधान है, लेकिन लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही सरकारी स्तर पर स्थायी मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा।
सुमंत मंडल ने कहा कि अभी लोगों की परेशानी कम करने के लिए यह कदम उठाया गया है और आगे स्थायी समाधान के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
---------------

