महापौर ने मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम एवं जन जागरूकता का प्रचार करने के लिए ऑटो रैली को किया रवाना
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
नई दिल्ली, 19 जून (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने शुक्रवार को मच्छर जनित बीमारियों को रोकथाम एवं उनके प्रति जन जागरूकता का प्रचार करने के लिए ऑटो रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर 450 कर्मियों सहित 100 ऑटो रिक्शा को रवाना किया गया। प्रत्येक ऑटो रिक्शा पर महापौर का मच्छर जनित बीमारियों से बचाव हेतु किए जाने वाले उपायों का संदेश प्रसारित किया जाएगा एवं ऑटोरिक्शा पैम्फलेट,बैनर एवं फॉगिंग मशीन से लैस किए गए हैं।
महापौर प्रवेश वाही ने बताया कि आज सिविक सेंटर स्थित दिल्ली नगर निगम के मुख्यालय से ऑटो रिक्शा रैली का शुभारंभ किया है जो नगर निगम के प्रत्येक 250 वार्डों में जाएगी। उन्होंने कहा कि यह ऑटो रिक्शा फॉगिंग मशीन एवं जन जागरूकता सामग्री जैसे मच्छर जनित बीमारियों से बचने के तरीके बताने वाले संदेश, पैम्फलेट एवं बैनर प्रसारित करेगी।
प्रवेश वाही ने कहा कि मच्छर जनित बीमारियों के लिए निगम द्वारा किए जा रहे प्रयासों एवं फील्ड विजिट के अतिरिक्त यह रैली आयोजित की जा रही है। इस अवसर पर महापौर द्वारा फॉगिंग अभियान का भी शुभारंभ किया गया।
प्रवेश वाही ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के देश के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष पूर्ण करने के उपलक्ष में नगर निगम द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और इसी कड़ी में आज मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए इस ऑटो रिक्शा रैली का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि इस रैली का आदर्श वाक्य 'जीतेगी दिल्ली हारेगा डेंगू मलेरिया' महज एक नारा न होकर हमारी प्रतिबद्धता है।
महापौर ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी को बेहतर शहर बनाने के लिए संकल्पित है और नगर निगम उनके इस संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
महापौर ने दिल्ली की जनता से मच्छर जनित बीमारियों से बचाव एवं रोकथाम के लिए त्रिस्तरीय प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह त्रिस्तरीय प्रयास है ढको, साफ करो, सूखा रखो। उन्होंने कहा कि हमें अपने घरों में पानी के पात्रों एवं टंकियों को ढक कर रखना है। अपने आस-पास सफाई रखनी है क्योंकि मच्छर गंदगी में पनपते हैं और इसके साथ ही अपने आस पास पानी इकठ्ठा नहीं होने देना एवं अपने आस पास की जगह को सूखा रखना है।
इस अवसर पर दिल्ली नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ सतेंद्र सिंह दुर्सावत, निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक रावत, डॉ लल्लन राम वर्मा एवं दिल्ली नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
--------------

