केशव पुरम जोन में अवैध डेयरी गतिविधियों के खिलाफ एमसीडी ने की कड़ी कारवाई
- DSS Admin
- Jun 23, 2026
नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के केशव पुरम जोन के पशु चिकित्सा सेवा विभाग द्वारा अवैध डेयरी गतिविधियों एवं अनधिकृत पशुपालन पर रोक लगाने के उद्देश्य से मंगलवार को शालीमार बाग के निकट हैदरपुर नहर क्षेत्र तथा शकूरपुर के-ब्लॉक के समीप एनएसपी क्षेत्र में एक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई नगर निगम के नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने तथा जनस्वास्थ्य एवं स्वच्छता मानकों को बनाए रखने के लिए एमसीडी के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।
एमसीडी को प्रवर्तन अभियान के दौरान एक अवैध डेयरी संचालन का पता चला तथा एक व्यक्ति को अनधिकृत रूप से पशुपालन गतिविधियों में संलिप्त पाया गया। यह अभियान केशव पुरम जोन एवं रोहिणी जोन के पशु चिकित्सा सेवा विभागों द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया गया, जो शहर की सीमा के भीतर संचालित अवैध डेयरी प्रतिष्ठानों के विरुद्ध समन्वित प्रवर्तन कार्रवाई का उदाहरण है।
निगम ने कार्रवाई के तहत अवैध डेयरी गतिविधियों में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलों एवं कई दूध के ड्रमों को जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त कुल 11 पशुओं को कब्जे में लिया गया, जिनमें 6 बछड़े एवं 5 गोवंश शामिल हैं।
एमसीडी लगातार अवैध डेयरी संचालन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रही है तथा नागरिकों से स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ शहरी वातावरण बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
---------------

