गुजरात के वापी में फिर एमडी ड्रग्स फैक्टरी का भंडाफोड़, एक करोड़ से अधिक का माल जब्त

वलसाड़, 26 मई (हि.स.)। गुजरात में ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत वलसाड जिला एसओजी और गुजरात एटीएस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। औद्योगिक नगरी वापी में एक बार फिर प्रतिबंधित मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स बनाने वाली अवैध फैक्टरी का पर्दाफाश किया गया है।

पुलिस को मिली सटीक सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने छापेमारी कर ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाला रॉ मटेरियल, लिक्विड केमिकल और तैयार मेफेड्रोन ड्रग्स का बड़ा जखीरा बरामद किया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए माल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 01 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

पुलिस अनुसार वापी के एक इलाके में स्थित कबाड़ (स्क्रैप) गोदाम की आड़ में यह अवैध नेटवर्क चलाया जा रहा था। आरोपित बाहर से केमिकल और लिक्विड मंगवाकर गोदाम में उसकी प्रोसेसिंग करते थे। इसके बाद लिक्विड को सुखाकर हाई-क्वालिटी मेफेड्रोन पाउडर तैयार किया जाता था। आसपास के लोगों को शक न हो, इसलिए स्क्रैप गोदाम को ढाल के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।

एटीएस और एसओजी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान मौके से 2 मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें एक आरोपित वापी का निवासी बताया जा रहा है जबकि दूसरा आरोपित केंद्रशासित प्रदेश दमन का रहने वाला है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में प्रोसेस हो रहे केमिकल, ड्रग्स बनाने के उपकरण और तैयार मेफेड्रोन का जखीरा जब्त किया है।

फिलहाल एटीएस और वलसाड पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। यह अवैध फैक्टरी कब से संचालित हो रही थी। ड्रग्स बनाने का रॉ मटेरियल कहां से आता था और तैयार माल गुजरात समेत किन राज्यों में सप्लाई किया जाता था, इसकी जांच जारी है। पुलिस को आशंका है कि आने वाले दिनों में इस ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े नामों का भी खुलासा हो सकता है।

---------------

   

सम्बंधित खबर