ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में 20 मई को मुरादाबाद में दवा की दुकानें रहेंगी बंद
- DSS Admin
- May 18, 2026
दवा एसोसिएशन के पदाधिकारी 20 मई को दुकान बंदी की सूचना देने के लिए जिलाधिकारी से मिले
मुरादाबाद, 18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में केमिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के आह्वान पर दवा व्यवसायी ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में 20 मई को दवा की दुकानें बंद रखेंगे। इस दौरान राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। 20 मई को दुकान बंदी की सूचना देने के लिए सोमवार को संगठन के पदाधिकारी जिलाधिकारी से मिले।
मुरादाबाद केमिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष तनुज अग्रवाल ने बताया कि ऑनलाइन फार्मेसी से जुड़े लोग एआई के माध्यम से डॉक्टर की फर्जी सलाह बनवा लेते हैं। लाइसेंसधारी दवा विक्रेताओं को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। केंद्र सरकार ने लोगों की सहूलियत के लिए 2020 में ऑनलाइन फार्मेसी की इजाजत दी थी। अब वही नियम परेशानी का कारण बन गया है।
उन्होंने आगे बताया कि ऑल इंडिया आर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर एक दिवसीय व्यापार बंद करने का निर्णय लिया गया है। 20 मई को सभी दवा कारोबारी आंबेडकर पार्क सिविल लाइंस में इकट्ठा होंगे। जिले में 2500 लाइसेंसी कारोबारी हैं। सभी कारोबारी राष्ट्रपति को संबोधित तीन सूत्री ज्ञापन देंगे। इसमें केंद्र सरकार की तरफ से जारी अधिसूचना को वापस करने, अवैध ई फार्मेसी संचालन पर रोक लगाने, बड़े कारपोरेट द्वारा डीप डिस्काउंट पर रोक लगाने की मांग शामिल है।
---------

