भिवंडी के जानवल इलाके से 306 जिलेटिन स्टिक और 110 डेटोनेटर बरामद, पांच गिरफ्तार

मुंबई, 17 जून (हि.स.)। ठाणे जिले के भिवंडी के जानवल इलाके से बुधवार को पुलिस ने 306 जिलेटिन स्टिक और 110 डेटोनेटर बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने पूर्व महापौर के भाई सहित सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है और पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की छानबीन पड़घा पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि ठाणे जिले के भिवंडी तहसील में स्थित जानवल इलाके में गैर-कानूनी तरीके से रखे गए विस्फोटक सामान की गोपनीय जानकारी मिली थी। इसी जानकारी के आधार पर बुधवार सुबह ठाणे क्राईम ब्रांच की टीम पड़घा पुलिस स्टेशन की टीम के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए 306 जिलेटिन स्टिक, 110 डेटोनेटर के साथ-साथ विस्फोटक और दूसरे सामान की खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड रखने वाला एक रजिस्टर बरामद किया है। बिना लाइसेंस के विस्फोटक सामान को इस तरह से स्टोर करने के आरोप में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसमें भिवंडी के पूर्व मेयर और मौजूदा पार्षद विलास पाटिल के भाई नितिन रघुनाथ पाटिल का नाम भी शामिल है। इसके अलावा पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपित फरार हैं। ठाणे क्राइम ब्रांच और पडघा पुलिस इसकी जांच कर रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर