बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने सभी विधायक प्रतिनिधियों को दायित्वों से किया मुक्त
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
झांसी, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में बबीना विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजीव सिंह पारीछा ने विभिन्न विभागों एवं क्षेत्रों में जनसमस्याओं के निराकरण तथा जनसंपर्क कार्यों के लिए नामित सभी विधायक प्रतिनिधियों को तत्काल प्रभाव से उनके दायित्वों से मुक्त कर दिया है। इस संबंध में विधायक द्वारा जारी पत्र में बताया गया कि भारतीय जनता पार्टी आगामी चुनावी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां एवं महत्वपूर्ण दायित्व सौंप रही है।
उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यों में बढ़ी व्यस्तता के कारण विधायक प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत सभी कार्यकर्ता अब अपने-अपने संगठनात्मक दायित्वों के निर्वहन में सक्रिय रहेंगे। ऐसे में प्रशासनिक एवं संगठनात्मक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से पूर्व में नामित सभी विधायक प्रतिनिधियों को उनके वर्तमान दायित्वों से मुक्त करने का निर्णय लिया गया है।
विधायक राजीव सिंह पारीछा ने सभी प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने जनसेवा, क्षेत्रीय विकास और जनता की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने उनके समर्पण और सहयोग की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी संगठन, समाज और क्षेत्र के विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में अपना योगदान देते रहेंगे।
---------------

