वहान चोर गिरोह का पर्दाफाश, आठ चोरी की बाइक समेत दो आरोपित गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 03, 2026

देवरिया, 03 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत कोतवाली पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह का खुलासा किया है। संयुक्त टीम ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बुधवार को बरामद की हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय ने पत्रकार वार्ता के दौरान पुलिस लाइन में बताया कि आज भोर के समय मुखबिर की सूचना पर चीनी मिल ग्राउंड के पास से सुमित कुमार (23) निवासी विलासपुर, थाना मैरवा, जिला सिवान (बिहार) और विकास कुमार (20) निवासी भोरे बाजार, थाना भोरे, जिला गोपालगंज (बिहार) को चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें छिपाकर रखते थे और अवसर मिलने पर बेच देते थे। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चीनी मिल गेट के पास झाड़ियों से छह अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं।
एएसपी ने बताया कि पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
--------------

