भाजपा की जीत पर बोले सांसद जोशी, अब होगा दिल्ली का विकास

चित्तौड़गढ़, 8 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सरकार बनने पर चितौड़गढ़ में भारतीय जनता पार्टी की ओर से जश्न मनाया गया। सांसद सीपी जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट चौराहे पर डीजे पर नृत्य करते हुए आतिशबाजी कर एक दूसरे को जीत की बधाई दी। इस दौरान सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल 10 साल तक भ्रष्टाचार में डूब गए थे। उन्होंने शीश महल बनाए थे। शराब घोटाला किया, लेकिन आज केजरीवाल के शासन का दिल्ली में अंत हो गया है। कमल का फूल खिला है। केजरीवाल खुद अपनी सीट से हार गए। बहुत खुशी की बात है कि अब दिल्ली का विकास होगा।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल की सरकार दिल्ली के अंदर थी और इसी कारण से दिल्ली को पीछे धकेल दिया था। आप पार्टी ने लोकसभा चुनाव में भ्रम फैला कर इस देश की अखंडता को तोड़ने का प्रयास किया। उन्होंने कहा था कि भारतीय जनता पार्टी अगर सरकार में आएगी तो आरक्षण समाप्त करेगी। लेकिन जनता ने आज उसी का जवाब दिया है। केजरीवाल ने जो आरोप लगाए थे और भ्रम फैलाया था वह बिल्कुल गलत था। साथ ही सांसद जोशी ने यह भी कहा कि आप पार्टी ने चुनाव में फ्री के नाम पर जनता से वोट मांगने का काम किया था। आज इस पर विराम लगा है। मुद्दों के आधार पर जो चुनाव होने चाहिए थे उन पर आप पार्टी के कारण रोक लग गई थी। लेकिन पुनः इस बार देश और दिल्ली में लोकतंत्र पैदा होगा। इधर, कलेक्ट्रेट पर जश्न के दौरान जिला प्रमुख भूपेंद्रसिंह बडोली, डूंगरपुर जिला प्रभारी कमलेश पुरोहित, हर्षवर्धन सिंह रूद, गौरव त्यागी, सरपंच श्याम लाल शर्मा, मंडल अध्यक्ष विदुषी बिल्लु, अनंत समदानी, संभाग सह मीडिया प्रभारी सुधीर जैन आदि उपस्थित थे। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक ने बताया कि सांसद जोशी को दिल्ली स्थित आर के पुरम विधानसभा क्षेत्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली थी, जिसे बखुबी निभाते हुए एक माह से दिन रात एक कर निरंतर चुनाव प्रचार की कमान संभाल रखी थी। सांसद सीपी जोशी ने पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कुशल चुनावी रणनीति बनाई। सांसद जोशी के कुशल और मजबूत चुनाव प्रबंधन के परिणाम स्वरूप भाजपा प्रत्याशी अनिल शर्मा ने एक तरफा करीब 15 हजार मत से एतिहासिक जीत दर्ज की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

   

सम्बंधित खबर